डुण्डा अस्पताल में हाजिरी पर सवाल, जांच पूरी होने तक वेतन रोकने के निर्देश, ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार का बड़ा एक्शन, अनुपस्थित डॉक्टर पर वेतन रोकने के निर्देश

0

uttarakashi news

IMG-20260701-WA0019

डुण्डा पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण: डॉक्टर चेतना अनुपस्थित मिलीं, स्पष्टीकरण और वेतन रोकने के निर्देश

उत्तरकाशी जिले के डुण्डा स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने बुधवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर चेतना अस्पताल से अनुपस्थित मिलीं, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय पशुपालकों द्वारा पिछले कई दिनों से डॉक्टर चेतना की नियमित अनुपस्थिति की शिकायतें की जा रही थीं। इस मुद्दे को हाल ही में आयोजित क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया गया था। शिकायतों के आधार पर किए गए औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल के अभिलेखों की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि डॉक्टर चेतना ने पिछले माह केवल 13 दिनों की उपस्थिति दर्ज की है। वहीं अस्पताल के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पूरे महीने में केवल एक दिन ही अस्पताल पहुंची थीं। यह भी जानकारी सामने आई कि उनका निवास देहरादून में है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (CVO) से जानकारी लेने पर स्पष्ट हुआ कि डॉक्टर चेतना बिना पूर्व अनुमति या स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित हैं। मामले को गंभीर मानते हुए ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने सीवीओ को तत्काल डॉक्टर चेतना से स्पष्टीकरण प्राप्त करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक उनका वेतन रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

ब्लॉक प्रमुख ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े विभागों में लापरवाही और अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम जनता और पशुपालकों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed