

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले से दुखद खबर सामने आई है। हरियाणा के रेवाड़ी निवासी सीआरपीएफ जवान सतीश की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद उनके पैतृक गांव मामड़िया आसमपुर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक, वीरवार शाम करीब 7 बजे सतीश की घर पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस दौरान उन्होंने परिवार को बताया था कि सब कुछ ठीक है और ड्यूटी सामान्य रूप से चल रही है। लेकिन बातचीत के करीब 47 मिनट बाद उनके घायल होने की सूचना परिवार तक पहुंची, जिससे घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार 39 वर्षीय कांस्टेबल सतीश की ड्यूटी अनंतनाग की हिलर पोस्ट पर शाम साढ़े 6 बजे से साढ़े 8 बजे तक लगी हुई थी। इसी दौरान करीब 7 बजकर 47 मिनट पर पोस्ट से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी जवान जब मौके पर पहुंचे तो सतीश जमीन पर घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर में गोली लगी हुई थी और पास में उनकी इंसास राइफल पड़ी थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी ही सर्विस राइफल से अचानक गोली चलने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अनंतनाग गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद रेवाड़ी लाया गया, जहां पूरे गांव में शोक की लहर है।