उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में जमीन की रजिस्ट्री को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ की ओर से जिलाधिकारी को पत्र भेजकर अवैध प्लॉटिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, जिसके बाद क्षेत्र में कुछ जमीनों की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि नगर क्षेत्र में कई भू-स्वामी कृषि भूमि को बिना स्वीकृत ले-आउट प्लान के प्लॉटों में बदलकर बेच रहे थे। इन प्लॉटों में सड़क, मोटर मार्ग और अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था भी नहीं थी, जिससे विवाद की स्थिति बन रही थी। मामले को देखते हुए प्रशासन ने अवैध प्लॉटिंग से जुड़ी रजिस्ट्रियों पर रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।