देहरादून से बड़ी खबर:
Dehradun के कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मण चौक में सब्जी बेचने वाली एक महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला लक्ष्मी देवी सोनकर ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान पर बैठकर सब्जी बेच रही थीं। इसी दौरान एक 16–17 वर्षीय युवक उनकी दुकान से फल खरीदकर ले गया। कुछ देर बाद वह दोबारा वापस आया और अचानक गाली-गलौज करने लगा। महिला के मुताबिक युवक ने फल फेंकते हुए उन पर हमला कर दिया और कई थप्पड़ मार दिए। इतना ही नहीं, उसने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें सड़क की ओर धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया।
महिला का आरोप है कि उक्त युवक पहले भी उनकी माता के साथ मारपीट कर चुका है, लेकिन उस समय किसी कारणवश कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी। इस बार घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सलीम निवासी शिव नगर कॉलोनी, कांवली रोड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों में आक्रोश देखने को मिला और माहौल कुछ समय के लिए गर्म हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।