ब्रेकिंग न्यूज | उत्तरकाशी
चिन्यालीसौड़ में संत निरंकारी मिशन का जल संरक्षण अभियान, प्रोजेक्ट अमृत का चौथा चरण सम्पन्न
चिन्यालीसौड़, 22 फरवरी 2026।
संत निरंकारी मिशन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट अमृत” के तहत जल संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान का चौथा चरण उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के आमू डाला तोक और पनियारा छोटी नगणी गांव में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई, संरक्षण और ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान के दौरान मिशन के सेवादल और स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान कर जल स्रोतों से गाद, प्लास्टिक और कचरा हटाया तथा आसपास के क्षेत्र की व्यापक सफाई की। साथ ही लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षाजल संचयन और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली, समाजसेवी सुमन बडोनी, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल और ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह पंवार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में जल स्रोत जीवनरेखा हैं और उनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ऐसे अभियानों को जल संकट से निपटने का प्रभावी माध्यम बताया।
मिशन के मुखी कृष्ण चंद रमोला, संचालक पवन सिंह, विकास बगियाल, बी.डी. ओझा, इन्द्र राज अरोड़ा, मुन्शी लाल, प्रेम लाल और नीतू भारती सहित बड़ी संख्या में सेवादल और साध संगत ने सक्रिय भागीदारी निभाई। स्थानीय महिलाओं और युवाओं की भागीदारी ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।
अंत में “जल है तो कल है” के संदेश के साथ सामूहिक संकल्प लिया गया कि भविष्य में भी जल स्रोतों की नियमित सफाई, संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे। मिशन पदाधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट अमृत के आगामी चरणों में चिन्यालीसौड़ के अन्य गांवों में भी इसी प्रकार के अभियान आयोजित किए जाएंगे।