ब्रेकिंग न्यूज़ | उत्तरकाशी
उत्तरकाशी की तांबाखानी सुरंग में बुधवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुरंग के अंदर से गुजर रहे बाइक सवार 33 वर्षीय नवीन राणा, निवासी चुंगी बड़ेथी, को एक अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने सीपीआर सहित तमाम जीवनरक्षक प्रयास किए, लेकिन युवक की जान नहीं बच सकी और उसने दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय सुरंग के अंदर बिजली गुल थी, जिससे अंधेरा पसरा हुआ था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरंग में प्रकाश व्यवस्था लंबे समय से खराब है और संबंधित विभाग व नगर पालिका की लापरवाही के कारण यह जानलेवा स्थिति बनी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
कोतवाली निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की पहचान के लिए सुरंग और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। उधर, मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
घटना के कई घंटे बाद तक वाहन का पता न चलने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। परिजनों का कहना है कि यदि सुरंग में रोशनी होती तो शायद यह हादसा टल सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।