चिन्यालीसौड़ मथोली बीट क्षेत्र में पुलिस का जनसंपर्क अभियान, ग्रामीणों को सुरक्षा व साइबर फ्रॉड की दी जानकारी

0

मथोली बीट क्षेत्र में पुलिस का जनसंपर्क अभियान

IMG-20260208-WA0005
मथोली बीट क्षेत्र में पुलिस का जनसंपर्क अभियान

आज दिनांक 08.02.2026 को पुलिस बीट हल्का नंबर 01, बीट मथोली के अंतर्गत ग्राम मथोली, इंदिरा टिपरी, बिष्ट मौघ एवं भुयारा क्षेत्र में बीट कांस्टेबलों द्वारा क्षेत्र भ्रमण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बीट में नियुक्त कांस्टेबल बिनोद गैरोला एवं कांस्टेबल अनिल तोमर द्वारा गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया।

भ्रमण के दौरान पुलिस कर्मियों ने एकल वरिष्ठ नागरिकों (महिला एवं पुरुष) की स्थिति का भी सत्यापन किया। जांच में पाया गया कि वर्तमान समय में उपरोक्त किसी भी ग्राम में कोई भी एकल वरिष्ठ नागरिक निवासरत नहीं है। इसके साथ ही गांव के अन्य नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से बचाव, पुलिस कम्युनिटी से जुड़ने के लाभ, नशे के दुष्प्रभाव एवं नशा रोकथाम जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज से सावधान रहें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें। इसके अलावा गांव के नागरिकों के साथ कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता एवं आपसी सहयोग को लेकर सकारात्मक वाद-विवाद भी किया गया, जिससे ग्रामीणों में जागरूकता बढ़े।

भ्रमण के दौरान ग्राम प्रधानों को अपने-अपने गांवों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से CCTV कैमरे लगवाने की हिदायत दी गई। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि गांवों में फेरी करने या बाहरी रूप से आने वाले व्यक्तियों का समय-समय पर सत्यापन अवश्य किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि बीट क्षेत्र में वर्तमान में कोई भी बाहरी व्यक्ति स्थायी रूप से निवास नहीं कर रहा है और न ही क्षेत्र में किसी प्रकार की स्वर्णकार की दुकान संचालित है।

इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा यह भी सत्यापित किया गया कि बीट क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति कच्ची शराब का निर्माण नहीं करता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांवों में मांगलिक कार्यों या अन्य सामाजिक आयोजनों के दौरान भी शराब सेवन का कड़ा विरोध किया जाता है, जो क्षेत्र में सामाजिक अनुशासन और जागरूकता का प्रतीक है।

अंत में ग्राम प्रधानों से निवेदन किया गया कि वे दोनों बीट कांस्टेबलों को अपने-अपने गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें, ताकि समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं, जागरूकता संदेश एवं सुरक्षा संबंधी जानकारियां साझा की जा सकें। पुलिस टीम द्वारा यह भी आश्वासन दिया गया कि भविष्य में समय-समय पर बीट क्षेत्र में मोबाइल फोन के माध्यम से तथा स्वयं गांव में जाकर कुशलक्षेम पूछी जाएगी और निरंतर संपर्क बनाए रखा जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed