
चिन्यालीसौड़:: चिन्यालीसौड़ विकासखंड के न्यू खालसी गांव में स्थित दिन्याली देवी मंदिर में बीती रात चोरी की गंभीर घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में पिछले तीन दिनों से (टीन सेट) निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसके लिए लोहे के पाइप, चदरें और अन्य सामग्री मौके पर रखी गई थी। बीती रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से मंदिर परिसर में घुसकर निर्माण कार्य में प्रयुक्त लोहे के पाइप, टीन की चदरें तथा क्षेत्र पंचायत से संबंधित तख्तों को चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी अगली सुबह तब सामने आई जब मंदिर की देखरेख और निगरानी के लिए कृपाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर परिसर से बड़ी मात्रा में सामग्री गायब है, जिसकी सूचना तुरंत ग्रामीणों को दी गई। इस घटना से पूरे गांव में रोष और चिंता का माहौल है।
समाजसेवी कुलवीर कंडियाल ने इस चोरी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्र के नरसिंह देवता मंदिर में लाखों रुपये की चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंदिरों में हो रही लगातार चोरियों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

खबर मिलाप चौहान टिहरी गढ़वाल 9897500480
milap20071998@gmail.com