उत्तराखंड नेपाल बॉर्डर के पास बड़ा हादसा, बरातियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 13 लोगों की मौत, 34 घायल

0
images (19)
भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बैतडी से बजांग जा रही एक बरात की बस गुरुवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में 13 बरातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस बैतडी जिले की पुरचुंणी नगरपालिका-7 के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी। रात्रि के समय जब बस पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ के पास पहुंची, तभी चढ़ाई के दौरान बस अनियंत्रित हो गई और लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और बस के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी की टीम, नेपाल एपीएफ, स्थानीय पुलिस और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। अंधेरी रात और दुर्गम इलाके के बावजूद रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रहरी प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि रात्रि के समय सभी एजेंसियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू कार्य किया गया।

इस हादसे में बजांग के बित्थड चीर गांव पालिका निवासी केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी (35), विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), बजांग केदारस्यु गांव पालिका निवासी मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बजांग जय पृथ्वी नगरपालिका निवासी बसंत राज रतला (40), बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका निवासी पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी की मौत हो गई।

प्रहरी प्रवक्ता के अनुसार, छह बरातियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। इसके अलावा पांच लोगों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा, जबकि दो घायलों की मौत कोटिला अस्पताल में हुई। हादसे में घायल अन्य बरातियों में से कुछ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।


बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से अधिक बराती सवार थे। चढ़ाई वाले मार्ग पर बस ऊपर नहीं चढ़ पाई और पीछे की ओर फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरी। फिलहाल 25 घायल बरातियों का डडेलधुरा अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए धनगढी रेफर किया गया है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद दोनों जिलों में शोक की लहर है। शादी वाले परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और घायलों को हर संभव मदद देने की बात कही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed