उत्तराखंड अपने गांव पहुंचे सीएम योगी, हर चेहरे पर दिखी मुस्कान
उत्तराखंड अपने गांव भ्रमण के दौरान बच्चे को चॉकलेट, बोले सीएम योगी – “हम भी तेरे दादा”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपने पैतृक गांव पंचूर, यमकेश्वर (उत्तराखंड) आगमन पर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह, गर्व और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही गांव में सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गई थी। लोग पारंपरिक परिधान पहनकर, हाथों में फूल और मन में अपनापन लिए सीएम योगी की एक झलक पाने के लिए उनके आवास के बाहर एकत्र होते नजर आए।
शनिवार को गांव भ्रमण के दौरान सीएम योगी रास्ते में मिलने वाले बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से बेहद स्नेहपूर्वक मिले। उन्होंने सभी का हालचाल जाना, गांव की समस्याओं और विकास से जुड़ी बातों पर भी संक्षिप्त संवाद किया। बच्चों को दुलारते हुए उनके साथ मुस्कुराकर बातचीत करना और फोटो खिंचवाना मुख्यमंत्री के सरल और संवेदनशील व्यक्तित्व को दर्शाता रहा। उनका यह व्यवहार ग्रामीणों के दिलों को छू गया।
इस दौरान एक भावुक और यादगार दृश्य तब सामने आया जब एक छोटा बच्चा हाथ में फूल लेकर सीएम योगी के पास पहुंचा और श्रद्धा से उनके पैर छुए। योगी आदित्यनाथ ने उसे आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट की एक पोटली भेंट की। जब बच्चा वह पोटली अपने दादा को देने लगा तो मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, “हम भी तेरे दादा लगते हैं।” यह संवाद सुनकर वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे और माहौल तालियों व मुस्कान से भर गया।
सीएम योगी से मिलने के लिए केवल पंचूर ही नहीं, बल्कि ऋषिकेश, नरेंद्र नगर, कोटद्वार, देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। प्रशंसक, रिश्तेदार, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण अपने मित्रों व परिजनों को भी मुख्यमंत्री से मिलवाते नजर आए।
मुख्यमंत्री के आवास पर नवविवाहित जोड़े भी आशीर्वाद लेने पहुंचे। शिवानी बडोला और योगेश सेमवाल नामक नवदंपती ने सीएम योगी से भेंट कर उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। वहीं कुछ ग्रामीण युवतियां अपनी शादी का निमंत्रण पत्र लेकर पहुंचीं और मुख्यमंत्री को विवाह समारोह में आमंत्रित किया। योगी आदित्यनाथ ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए समारोह में शामिल होने की हामी भरी। पूरे दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का सादगीपूर्ण, अपनापन भरा और जमीन से जुड़ा स्वरूप ग्रामीणों के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय बना रहा।
- उत्तराखंड
- मौसम
- रोजगार
- शिक्षा
- देहरादून
- उत्तरकाशी
- टिहरी गढ़वाल
- चमोली