ब्रेकिंग न्यूज़: उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, पांच पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना, येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम के बीच अब मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को राज्य के पांच पर्वतीय जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के भी आसार हैं। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मैदानी जिलों में भी आंशिक राहत के संकेत हैं, जहां कहीं-कहीं हल्की बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिसके चलते मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय और मैदानी इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
दरअसल, उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से बारिश न होने के कारण गर्मी ने मार्च के पहले पखवाड़े में ही लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। देहरादून समेत कई इलाकों में तेज धूप और बढ़ते तापमान से लोग परेशान हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में संभावित बारिश और बर्फबारी से तापमान में कुछ गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।