प्रतापनगर। उत्तराखंड की प्रतापनगर विधानसभा सीट पर आगामी चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और क्षेत्र का राजनीतिक पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। खास बात यह है कि यदि यह सीट महिला आरक्षित घोषित होती है, तो भाजपा से पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय लक्ष्मी थलवाल एक मजबूत और प्रभावशाली दावेदार के रूप में उभरती नजर आ रही हैं।
विजय लक्ष्मी थलवाल ने हाल के दिनों में अपनी सक्रियता काफी बढ़ा दी है। वह लगातार गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रही हैं और स्थानीय जनता, खासकर महिलाओं के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाने में जुटी हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि थलवाल की जमीनी पकड़ और विकास कार्यों का अनुभव उन्हें अन्य दावेदारों से अलग बनाता है।
थलवाल खुद भी स्पष्ट कर चुकी हैं कि यदि पार्टी नेतृत्व और परिस्थितियां साथ देती हैं, तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगी। उन्होंने अपने ब्लॉक प्रमुख कार्यकाल को याद करते हुए बताया कि उस समय महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बेहद सीमित थी, लेकिन उन्होंने 100 से अधिक ग्राम सभाओं में महिला समूहों का गठन कर मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया।
उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धि ‘विकासखंड भवन’ का निर्माण रहा, जिसे आज क्षेत्र के विकास का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा उन्होंने सड़क, पेयजल और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई प्रयास किए, जिनका लाभ आज भी स्थानीय लोग उठा रहे हैं।
वर्तमान में उनकी बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है और विरोधी खेमे में भी हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पार्टी नेतृत्व इस सीट पर किसे मौका देता है और क्या प्रतापनगर में इस बार महिला नेतृत्व की नई कहानी लिखी जाएगी।