उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ नगर क्षेत्र में आवारा गायों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से कुछ लोग अपनी गायों को नगर पालिका सीमा के पास लाकर छोड़ देते हैं, जिसके कारण ये पशु शहर और आसपास के इलाकों में खुलेआम घूमते हुए खेतों और बाजारों में भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
आज चिन्यालीसौड़ के बड़ेथी क्षेत्र में इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, समाजसेवी सुमन बडोनी, वार्ड नंबर 7 के सभासद मनवीर सिंह, प्रवीन गुंसोला, पुलिस विभाग और पशुपालन विभाग के कर्मचारी सहित कई सामाजिक व राजनीतिक प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने प्रतिनिधियों के सामने अपनी परेशानियां रखीं और बताया कि आवारा गायें रातों-रात खेतों में घुसकर फसलें चौपट कर देती हैं, वहीं दिन में बाजारों और सड़कों पर लोगों को डराती और घायल करने तक की घटनाएं सामने आ रही हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने स्पष्ट कहा कि यह समस्या अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि कुछ ग्रामीण लोग जानबूझकर अपनी अनुपयोगी गायों को नगर क्षेत्र के आसपास छोड़ जाते हैं, जिससे नगरवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे लोगों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
समाजसेवी सुमन बडोनी ने भी कहा कि यह केवल नगर पालिका की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है कि पशुओं को बेसहारा न छोड़ा जाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी गायों की उचित देखभाल करें और नगर क्षेत्र में छोड़ने की प्रवृत्ति बंद करें।
प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर रखा जाएगा और नगर क्षेत्र को इस समस्या से राहत दिलाई जाएगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस संयुक्त पहल से चिन्यालीसौड़ में आवारा गायों के आतंक पर जल्द नियंत्रण होगा।


