उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत ही गर्म, दून में टूटा तापमान का रिकॉर्ड, होली पर पड़ेगी गर्मी की मार

0

uttarakhand weather

images-52.jpeg

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप खिलने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी दून समेत आसपास के क्षेत्रों में पारा सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय गर्मी का अहसास तेज होने लगा है। शनिवार को दून में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस वर्ष का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। ऐसे में होली के पर्व पर भी गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे सामान्य से अधिक गर्म परिस्थितियां बनी हुई हैं। मैदानी जिलों में भी हालात समान हैं और कई स्थानों पर तापमान औसत से ऊपर चल रहा है।

प्रदेश में वर्षा की स्थिति बेहद कमजोर बनी हुई है। फरवरी माह लगभग सूखा ही बीता और पूरे उत्तराखंड में औसत से करीब 94 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। मार्च की शुरुआत भी मौसम की बेरुखी के साथ होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि आने वाले दिनों में साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे दिन के समय तपिश बढ़ेगी और जलस्रोतों पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed