गैरसैंण में बवाल! विधानसभा घेराव के दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

0

ukd

police-use-water-cannon-1773073700135.jpg

उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में उस समय माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए विधानसभा घेराव की कोशिश की। स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग, अंकिता भंडारी हत्याकांड में सख्त कार्रवाई और प्रदेश से जुड़े अन्य जन मुद्दों को लेकर यूकेडी ने पहले ही बड़े आंदोलन का ऐलान किया था।

करीब सात महीने बाद धामी सरकार के गैरसैंण पहुंचने को लेकर भी यूकेडी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। सत्र के पहले दिन दिवालीखाल में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करने लगे, लेकिन पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की।

स्थिति उस समय बिगड़ गई जब कुछ उग्र कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी झड़प हो गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 10 से 15 यूकेडी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए आंदोलनकारियों को जब पुलिस गाड़ियों में बैठाकर ले जाने लगी तो अन्य कार्यकर्ताओं ने रास्ते में गाड़ियां रोक दीं और अपने साथियों को छुड़ाने की कोशिश की। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार (वाटर कैनन) का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद पुलिस ने इलाके को खाली कराया और हालात पर काबू पाया।

विधानसभा सत्र को देखते हुए पूरे गैरसैंण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट है। वहीं यूकेडी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed