देहरादून से बड़ी खबर | यमुनोत्री क्षेत्र की मांगों पर तेज़ी
प्रदेश के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में दशगी बिष्ट और हातड़ पट्टी का एक प्रतिनिधिमंडल देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचा, जहां उन्होंने युवा लोकप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनहित से जुड़ी मांगों को स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और सभी घोषणाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण, बनगांव-चोपड़ा-कस्लाना मोटरमार्ग की स्वीकृति, दिवारीखोल-जोखणी मोटरमार्ग (प्रथम चरण स्टेज-2) तथा डांडा गांव छानी से राजकीय महाविद्यालय टटाउ (डख्याट गांव) तक मोटरमार्ग निर्माण की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि यमुनोत्री क्षेत्र के विकास के लिए अन्य कई जनहित योजनाओं को जल्द स्वीकृति दी जाएगी और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख डुण्डा डॉ. शैलेन्द्र सिंह कोहली, विजय बडोनी, चैन सिंह महर, जगबीर रावत, बलबीर रावत सहित कई जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए क्षेत्रीय विकास को लेकर उम्मीद जताई।
