महाराष्ट्र के नागपुर से होली के दिन एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग महिला ने कथित तौर पर अपने ही चार साल के नाती पर उबलता हुआ पानी डाल दिया, जिससे मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि बच्चा होली खेलते हुए अपनी नानी पर पिचकारी से रंग डालने की कोशिश कर रहा था, लेकिन यह मजाक उसे भारी पड़ गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 4 मार्च को नागपुर के कोराडी इलाके में हुई। आरोपी महिला की पहचान सिंधु ठाकरे के रूप में हुई है, जबकि घायल बच्चे का नाम ओम हरीश वांगे बताया जा रहा है। बच्चा अपने परिवार के साथ खापरखेड़ा के सावनरे इलाके में रहता है और कुछ समय पहले ही नानी के घर आया था।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सिंधु ठाकरे उबलते पानी से भरी बाल्टी लेकर अंदर जा रही थीं। तभी ओम और एक अन्य बच्चा दौड़ते हुए आते हैं और पिचकारी से रंग डालने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान महिला कथित तौर पर गुस्से में आ जाती है और बाल्टी उठाकर बच्चे के ऊपर उबलता पानी डाल देती है।
पानी पड़ते ही मासूम दर्द से तड़पने लगता है और जोर-जोर से रोने लगता है। मौके पर मौजूद एक लड़की तुरंत सामान्य पानी की बाल्टी लाकर बच्चे पर पानी डालती है। बाद में आरोपी महिला भी ठंडा पानी डालती दिखाई देती है।
घटना के तुरंत बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर का कमर के नीचे का लगभग 45 प्रतिशत हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।