चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के खालसी गांव के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से बदहाल हालत में पड़ी नागथली से खालसी गांव को जोड़ने वाली सड़क को आखिरकार सरकार की मंजूरी मिल गई है। अब इस मोटर मार्ग पर जल्द ही डामरीकरण (डामिकरण) का काम शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, नागथली-खालसी सड़क की स्थिति काफी समय से खराब थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। स्थानीय लोगों ने कई बार इस सड़क की मरम्मत की मांग उठाई थी।
इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए जिला पंचायत सदस्य सरोजनी कंडियाल, पूर्व प्रधान सुभाष राणा और पूर्व प्रधान धन सिंह कंडियाल ने मुख्यमंत्री के सामने गांव की सड़क की समस्या रखी। लगातार प्रयासों और जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद आखिरकार सड़क निर्माण को हरी झंडी मिल गई है।
बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान सुभाष राणा कई वर्षों से इस सड़क को लेकर लगातार आवाज उठा रहे थे और सरकार को बार-बार इस समस्या से अवगत कराते रहे। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि अब इस सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
युवा नेता कुलबीर कंडियाल ने मुख्यमंत्री, जिला पंचायत सदस्य और सभी जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। वहीं ग्रामीणों ने भी खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें ऐसे जनप्रतिनिधियों की जरूरत है जो उनकी समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाएं।

