19 साल की उम्र में देश के लिए शहीद हुआ उत्तराखंड का लाल, गांव से लेकर प्रदेश तक शोक की लहर

0

indian army

agniveer.jpg

उत्तराखंड के पौड़ी जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है।
कल्जीखाल ब्लॉक के नौगांव आसूई गांव निवासी 19 वर्षीय अग्निवीर जवान सचिन सिंह देश सेवा के दौरान शहीद हो गए। जैसे ही उनकी शहादत की सूचना गांव पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। हर आंख नम है और हर दिल इस वीर सपूत को सलाम कर रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, सचिन सिंह की तैनाती हाल ही में केरल में हुई थी। ड्यूटी जॉइन किए अभी लगभग दो महीने ही हुए थे कि उन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दे दिया। इतनी कम उम्र में देश के लिए प्राण न्योछावर करने की खबर ने पूरे उत्तराखंड को भावुक कर दिया है।

शुक्रवार को हरिद्वार में पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद सचिन सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को देख हर आंख नम थी और हर जुबान पर यही शब्द थे — “वीर सपूत अमर रहे।”

गांव, जिला और प्रदेशभर में शोक सभाओं का दौर जारी है। लोग शहीद जवान के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प ले रहे हैं। सचिन सिंह की शहादत न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और प्रेरणा की मिसाल बन गई है।
देश का यह लाल अमर रहेगा, उसकी वीरगाथा सदैव याद रखी जाएगी। 🇮🇳

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed