Haridwar :: IIT Roorkee के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला के गंगनहर में डूबने की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को एसडीआरएफ, आर्मी और पुलिस की संयुक्त टीम ने दिनभर सघन खोज अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर शाम आशीष अपने दोस्तों के साथ बाल्मीकि घाट पर नहर किनारे बैठा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बातचीत के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में जा गिरा। गंगनहर में उस समय पानी का प्रवाह काफी तेज था, जिससे वह देखते ही देखते गहराई में समा गया। अंधेरा हो जाने के कारण तत्काल प्रभाव से व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका, हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस ने प्रारंभिक प्रयास किए थे।
गुरुवार सुबह होते ही एसडीआरएफ की टीम, आर्मी के जवान, प्रशिक्षित गोताखोर और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर अभियान की समीक्षा की और अधिकारियों को हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। कई किलोमीटर तक नहर किनारे और संभावित स्थानों पर तलाशी ली गई।
प्रशासन ने बताया कि शुक्रवार को सिंचाई विभाग से समन्वय कर नहर का जलस्तर अस्थायी रूप से कम कराया जाएगा, ताकि तलाशी अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके। इधर, छात्र के परिजन और मित्र गंगनहर घाट पर डटे हुए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी सुरक्षित मिलने की उम्मीद में प्रार्थना कर रहे हैं। विश्वविद्यालय परिसर में भी घटना को लेकर गहरा दुख और चिंता व्याप्त है।