देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के निवासी थे। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। सूत्रों के अनुसार, इसी विवाद के चलते उनकी माता ने पहले ही अपने बेटे की जान को खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा की मांग की थी और उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की गई थी। हालांकि घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार दो हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और अर्जुन शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

