उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में इन दिनों गैस सिलेंडर को लेकर भारी अव्यवस्था और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। सड़कों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारों में खड़े लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को खासा परेशान होना पड़ा, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य दीपक बिजलवान मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने लाइन में खड़े लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि जल्द समाधान कराया जाएगा। मौके पर ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क साधा और गैस आपूर्ति में आ रही बाधाओं की जानकारी ली।
दीपक बिजलवान ने तुरंत जिलाधिकारी (DM) से फोन पर वार्ता कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की भारी किल्लत है और लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग रखी कि चिन्यालीसौड़ के सभी गांवों में नियमित रूप से गैस सिलेंडर की गाड़ियां भेजी जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। इसके बाद दीपक बिजलवान ने जिलाधिकारी का आभार जताते हुए कहा कि अब चिन्यालीसौड़ के सभी ग्रामीण इलाकों में घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है, बहुत जल्द स्थिति सामान्य हो जाएगी और सभी को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
जनप्रतिनिधि और प्रशासन की इस सक्रिय पहल से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अब उन्हें इस समस्या से जल्द निजात मिलेगी।