🚨 ब्रेकिंग न्यूज़ | चिन्यालीसौड़ में आवारा पशुओं पर पुलिस का बड़ा एक्शन
चिन्यालीसौड़ नगर क्षेत्र में लंबे समय से घूम रहे आवारा गाय-बैल के खिलाफ आखिरकार पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर पालिका चिन्यालीसौड़ में ग्रामीण क्षेत्रों से छोड़े गए पशुओं के कारण आम जनता और किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। नगर की सड़कों पर घूमते पशु जहां राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन रहे थे, वहीं आसपास के खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे थे।
इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने कुछ दिन पहले पशु मालिकों को सख्त चेतावनी दी थी कि वे अपने पशुओं को नगर क्षेत्र में खुला न छोड़ें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी के बाद भी लापरवाही जारी रहने पर थाना धरासू पुलिस ने चिन्यालीसौड़ नगर में छोड़े गए पशुओं के मालिकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नगर क्षेत्र में पशु छोड़कर सार्वजनिक व्यवस्था और कृषि को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों और किसानों में राहत की भावना है।
📍 खबर: मिलाप चौहान | गढ़वाल तक