अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती: 1 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन, जून में सीईई परीक्षा
अग्निपथ योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। सेना भर्ती कार्यालय ने जानकारी दी है कि भर्ती के इच्छुक युवाओं को इस बार आवेदन के साथ-साथ अविवाहित होने का प्रमाण पत्र भी ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। यह निर्देश जोनल भर्ती कार्यालय लखनऊ द्वारा जारी किए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत हरिद्वार, देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। सेना भर्ती कार्यालय ने युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
अधिकारियों के अनुसार अग्निवीर भर्ती की कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) ऑनलाइन मोड में 1 जून से 15 जून 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और अन्य दिशा-निर्देश समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया कि पंजीकरण, पात्रता, शारीरिक मानक और भर्ती अधिसूचना की पूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army पर उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की परेशानी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
अग्निपथ योजना के तहत युवाओं को चार वर्ष की सेवा के साथ आकर्षक वेतन, प्रशिक्षण और भविष्य के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे युवाओं में भर्ती को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।