चिन्यालीसौड़: सूलीठांग शिव मंदिर के पास स्कूटी सवार महिला का सड़क हादसा, हायर सेंटर रेफर

चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में आज बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा सूलीठांग शिव मंदिर के समीप उस समय हुआ, जब महिला स्कूटी से बाजार की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि मंदिर के पास स्थित मोड़ पर अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई, जिससे महिला स्कूटी सहित सड़क से नीचे गिर गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला की मदद की और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया। यहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ वह मोड़ काफी तीखा और संकरा है, जहां अक्सर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि वहां सड़क सुरक्षा के उचित इंतजाम, चेतावनी संकेतक और आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल घायल महिला का इलाज हायर सेंटर में जारी है।
खबर पत्रकार मिलाप चौहान
